![]()
औरंगाबाद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्पाद विभाग की टीम ने रिसियप थाना क्षेत्र के बभंडीह स्थित पंचदेव धाम गौशाला के सामने एनएच-139 से एक XUV वाहन से 195.224 किलो गांजा बरामद किया है। गांजा को 182 अलग-अलग पैकेट में छिपाकर रखा गया था। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम बताया जा रहा है। कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय के नेतृत्व में सहायक उत्पाद अवर निरीक्षक गोविंद कुमार की टीम ने की। वाहन छोड़कर भागा चालक उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक XUV वाहन में मादक पदार्थों की बड़ी खेप औरंगाबाद की तरफ लाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद उत्पाद विभाग की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया। संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी गई। इसी दौरान सहायक उत्पाद अवर निरीक्षक गोविंद कुमार के नेतृत्व में टीम को एक संदिग्ध XUV वाहन नजर आया। टीम ने वाहन का पीछा करना शुरू किया। उत्पाद पुलिस को पीछे आता देखकर वाहन चालक घबरा गया। उसने कुछ दूरी पर सड़क किनारे XUV को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। टीम ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर उसकी तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखे गए गांजा के पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की संख्या 182 थी। प्रारंभिक तौर पर प्रत्येक पैकेट का वजन एक किलो बताया गया, जिसके अनुसार कुल गांजा करीब 182 किलो पाया गया। सीओ की मौजूदगी में कार्रवाई, वाहन जब्त गांजा बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने इसकी सूचना कुटुंबा अंचल के अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश को दी। सूचना मिलने पर सीओ मौके पर पहुंचे और बरामदगी की स्थिति का जायजा लिया। उनकी मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद गांजा लदे XUV वाहन को जब्त कर पड़रावा स्थित उत्पाद विभाग कार्यालय भेज दिया गया। उत्पाद विभाग कार्यालय में उत्पाद अधीक्षक की मौजूदगी में बरामद गांजा की खेप का वजन कराया गया। इसके बाद जब्ती सूची तैयार की गई। अब विभाग वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुटा है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। तस्कर का नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम अधिकारियों के अनुसार, वाहन चालक के फरार होने के बाद अब उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है। उत्पाद विभाग गांजा के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मादक पदार्थों के इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
औरंगाबाद में XUV से 195 किलो गांजा बरामद:NH-139 पर कार्रवाई, 182 पैकेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप; चालक फरार

