![]()
कटिहार में बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (BC) साथियों ने अपने अधिकारों, आर्थिक हितों और सुरक्षा के लिए कटिहार में यूनियन का गठन किया है। रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को शहर के ललियाही स्थित मीरा प्लेस में हुई बैठक में संगठन बनाने, पदाधिकारियों के चयन और मांगों पर चर्चा की गई। यूनियन ने BC साथियों के लिए एक करोड़ रुपये के सुरक्षा बीमा, पांच लाख रुपये का ब्याजमुक्त ओवरड्राफ्ट (OD) और कंपनियों के बजाय सीधे बैंकों से जुड़ाव की मांग उठाई। तपेश कुमार झा बने अध्यक्ष, रूपेश शर्मा को उपाध्यक्ष बैठक में सर्वसम्मति से तपेश कुमार झा को अध्यक्ष चुना गया। रूपेश कुमार शर्मा को उपाध्यक्ष, मो. आवेद कोषाध्यक्ष, निरंजन कुमार सिंह को सचिव, बलराम ठाकुर को मीडिया प्रभारी और जय प्रकाश यादव को सलाहकार बनाया गया। कोर कमेटी में प्रीति देवी, तपन कुमार साह, सम्राट, कुशप्रताप कुमार, नलिनी मंडल, तौहिद और मो. सलीम अली को शामिल किया गया है। यूनियन के लीगल एडवाइजर धीरज प्रसाद शाह ने बताया कि संगठन का रजिस्ट्रेशन ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन एक्ट, 1926 के तहत कराने की योजना है। उन्होंने BC साथियों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास की जरूरत बताई। कंपनियों को हटाकर सीधे बैंक से जोड़ने की मांग नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रूपेश कुमार शर्मा ने कहा कि BC साथियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में उन गरीब परिवारों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का काम किया, जो पहले बैंक से नहीं जुड़े थे। इसके बावजूद उनके मुताबिक, BC साथियों को पर्याप्त सुरक्षा और आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि BC साथियों को कंपनियों के माध्यम से बहाल किया गया है और उनके कमीशन का उचित लाभ उन्हें नहीं मिल रहा। उनकी मांग है कि कंपनियों को हटाकर BC साथियों और बैंकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित किया जाए। उन्होंने बैंक के माध्यम से एक करोड़ रुपये का सुरक्षा बीमा देने की भी मांग की, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। पांच लाख रुपये का ब्याजमुक्त OD देने की मांग बैठक में शामिल एक BC साथी ने कहा कि काम के दौरान उन्हें अपनी पूंजी लगानी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि बैंक या सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का ओवरड्राफ्ट (OD) उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें अपनी बचत से रकम लगाकर लोगों को बैंकिंग सेवाएं देने की मजबूरी न हो। उनके अनुसार, इससे आर्थिक दबाव कम होगा और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। कटिहार से सीमांचल तक विस्तार की तैयारी संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक, कटिहार जिले में सेंट्रल बैंक के लगभग 600 BC कार्यरत हैं। यूनियन की पहली बैठक होने के कारण इसमें करीब 150 से 200 साथी ही शामिल हो सके। पदाधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की तर्ज पर बिहार में भी संगठन का विस्तार करने की योजना है। यूनियन की शुरुआत कटिहार से की गई है। इसके बाद सीमांचल के चार जिलों में संगठन को मजबूत किया जाएगा। आगे पटना में राज्यस्तरीय महासम्मेलन आयोजित कर सरकार को ज्ञापन सौंपने की योजना है।
कटिहार में बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट साथियों ने बनाई यूनियन:तपेश झा अध्यक्ष बने, 5 लाख OD और 1 करोड़ बीमा की मांग
