![]()
कटिहार रेल मंडल में यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। रेल प्रशासन ने यह निर्णय श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से लिया है। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह ने बताया कि अलुआबारी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच 34 किलोमीटर लंबे ‘चिकन नेक’ रेलखंड का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना को स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह रेलखंड पूर्वोत्तर भारत की रेल संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा डीआरएम नरह ने यह भी जानकारी दी कि नेपाल से पहली सीधी मालगाड़ी का सफल परिचालन जारी है। इससे भारत-नेपाल के बीच व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और माल परिवहन सुगम होगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार सहित रेल मंडल के 19 चयनित रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं का विकास कार्य तेजी से चल रहा है। इन स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। डीआरएम किरेंद्र नरह के नेतृत्व में कटिहार रेल मंडल में यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल अवसंरचना के विकास और परिचालन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह जनसंपर्क अधिकारी अनूप कुमार सिंह भी उपस्थित थे।


