![]()
कटिहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सघन अभियान चलाया। इस दौरान आरपीएफ ने एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया, 47 रेल अधिनियम उल्लंघनकर्ताओं से ₹55 हजार का जुर्माना वसूला और ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत एक नाबालिग बच्ची को बचाया। आरपीएफ कमांडेंट के निर्देश पर आरपीएफ ईस्ट पोस्ट कमांडर विक्रम कुमार के नेतृत्व में पिछले तीन दिनों में चोरी, तस्करी, मानव सुरक्षा और रेल अधिनियम के उल्लंघन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत आरपीएफ टीम ने स्टेशन परिसर से मोहम्मद सगीर नामक एक मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग ₹20 हजार मूल्य का चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी को जीआरपी कटिहार को सौंप दिया गया है, जहां उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अभियान के दौरान, आरपीएफ ने रेल अधिनियम का उल्लंघन करने वाले 47 लोगों से कुल ₹55 हजार का जुर्माना वसूला। यह कार्रवाई बिना टिकट यात्रा करने वालों, प्लेटफॉर्म पर अवैध वेंडिंग करने वालों और परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ की गई। इसी दिन, ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत रेल मदद से मिली सूचना पर आरपीएफ ईस्ट की टीम ने कटिहार स्टेशन पर खोजबीन की। टीम ने एक 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद किया, जो रास्ता भटककर गलत ट्रेन से कटिहार पहुंच गई थी। आगे की कार्रवाई जारी है। आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत रेल मदद 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट पर दें।

