
JTET 2026, रांची (राणा प्रताप की रिपोर्ट): झारखंड में शिक्षक बनने की राह देख रहे युवाओं के लिए एक बहुप्रतीक्षित खबर सामने आई है. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार, 21 अप्रैल से विधिवत शुरू होने जा रही है. योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 21 मई तक अपना आवेदन आधिकारिक पोर्टल पर जमा कर सकेंगे. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है.
नियमावली-2026 के तहत आयु सीमा में बड़ी राहत
यह पूरी आवेदन प्रक्रिया झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमावली-2026 के नवीन प्रावधानों के अंतर्गत संचालित की जाएगी. परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष तय की गई है, जबकि अधिकतम आयु सीमा में अभ्यर्थियों को ऐतिहासिक छूट दी गई है. राज्य में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में आयोजित की गई थी, जिसके कारण वर्तमान परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में सीधे 9 वर्ष की छूट का लाभ मिलेगा. यह निर्णय उन हजारों युवाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है जो लंबे अंतराल के कारण उम्र सीमा पार कर रहे थे.
दोनों स्तरों के लिए अलग-अलग विकल्प
नियमावली के अनुसार, कक्षा एक से पांच (प्राथमिक) और कक्षा छह से आठ (उच्च प्राथमिक) के लिए अलग-अलग आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. हालांकि, जो अभ्यर्थी दोनों स्तर की परीक्षाओं के लिए योग्यता रखते हैं, वे एक साथ दोनों के लिए भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इससे उम्मीदवारों को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त हो सकेंगे.
2024 के आवेदकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
एक विशेष जानकारी उन अभ्यर्थियों के लिए है जिन्होंने वर्ष 2024 में विज्ञप्ति संख्या-30/2024 के तहत पूर्व में आवेदन किया था. उन सभी पुराने आवेदकों को भी इस बार ‘नया आवेदन’ भरना अनिवार्य होगा. उन्हें नियमावली-2026 के प्रावधानों के अनुसार अपनी भाषा-1 और भाषा-2 का पुनः चयन करना होगा और अपनी सभी जानकारी पोर्टल पर अपडेट करनी होगी.
पुराने अभ्यर्थियों को नहीं देना होगा दोबारा शुल्क
आयोग ने पुराने आवेदकों के आर्थिक हितों का ध्यान रखते हुए एक बड़ी राहत दी है. जिन अभ्यर्थियों ने 2024 की विज्ञप्ति के समय परीक्षा शुल्क का भुगतान कर दिया था, उन्हें इस बार आवेदन करते समय दोबारा शुल्क नहीं देना पड़ेगा. उन्हें केवल अपना पुराना विवरण पोर्टल पर सत्यापित करना होगा. जैक ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे और किसी भी तकनीकी समस्या से बचने के लिए अभ्यर्थी अंतिम तिथि का इंतजार न करें.

