रांची| झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी के लिए कई कार्यक्रम तय किए हैं। इसी क्रम में बुधवार को सुबह 11 बजे रांची प्रेस क्लब में प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों और मीडिया रिसर्च टीम के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। शिविर का उद्देश्य पार्टी प्रतिनिधियों को कांग्रेस की विचारधारा, नीतियों, संगठनात्मक दृष्टिकोण और समसामयिक राजनीतिक विषयों की बेहतर जानकारी देना है। इस बीच कांग्रेस कार्यसमिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के. राजू मंगलवार से 6 जून तक चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 4 और 5 जून को पुराने विधानसभा भवन में समन्वय समिति के साथ लगातार बैठकें करेंगे। बैठकों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह, डॉ. रामेश्वर उरांव सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

