![]()
मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र के कालिकापुर गांव में ज़मीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए, कलुआही थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम दोनों पक्षों के आवेदन पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर पहले पक्ष के निवेदक राजदेव यादव ने पुलिस को बताया कि उनकी जमीन पर अवैध निर्माण को लेकर उन्होंने पहले भी शिकायत की थी। गुरुवार को जब एक पुलिसकर्मी निर्माण कार्य का सत्यापन करने पहुंचे, तभी आपराधिक पृष्ठभूमि के चौकीदार विश्वनाथ पासवान, रशीला देवी, श्याम पासवान उर्फ गोसाईं पासवान और शंकर पासवान ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि विश्वनाथ पासवान ने राजदेव यादव के सिर और आंख पर धारदार हथियार से वार किया, जबकि श्याम पासवान ने रिवॉल्वर के कुंदे से उनके बेटे नागेन्द्र पर हमला किया। इस हमले में राजदेव यादव, उनके बेटे बैजू यादव और नागेन्द्र यादव को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के विश्वनाथ पासवान (48 वर्ष) ने जवाबी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में केवाला रजिस्ट्री के माध्यम से जमीन खरीदी थी, जिसका मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। आरोप के मुताबिक, 27 अगस्त को राजदेव यादव, अशोक यादव, नागेन्द्र यादव, प्रणव कु० यादव, अमित यादव, सुमित कु० यादव और दोना देवी लाठी-डंडा, लोहे की रॉड और टांगी लेकर उनके घर में घुस गए। उन्होंने घर के एस्बेस्टस को तोड़ दिया और जातिसूचक गालियां देते हुए जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में विश्वनाथ पासवान के बेटे श्याम कुमार पासवान का सिर फट गया और शंकर कुमार पासवान का हाथ टूट गया। दूसरे पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके बेटे के गले से सोने की चेन भी छीन ली। कलुआही थाना प्रभारी पायल भारती ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायत पर केस नंबर 214/26 और 215/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी (SC/ST) एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुमार को इस पूरे मामले का अनुसंधानक (Investigating Officer) बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि घायलों का इलाज अस्पताल में कराया गया है और कानून हाथ में लेने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कालिकापुर में जमीनी विवाद पर हिंसक झड़प, कई घायल:दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR, पुलिस जांच जारी
