Monday, July 13, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

किशनगंज में कनकई नदी में डूबी युवती:बड़ी बहन की शादी के अगले दिन हुआ हादसा; कपड़ा धोने गई थी, तेज बहाव में बही


किशनगंज के बहादुरगंज प्रखंड की लौचा पंचायत स्थित कौल-कनकई नदी में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कपड़ा धोने गई 20 वर्षीय युवती का पैर फिसलने से वह नदी के गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव में बहकर लापता हो गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ की दो टीमों को मौके पर भेजकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। देर शाम तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका था। कपड़ा धोने के दौरान हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, लौचा पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी महबूब आलम की 20 वर्षीय पुत्री गौसिया परवीन रविवार सुबह घर से कपड़े धोने के लिए कौल-कनकई नदी गई थी। कपड़ा धोने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गई। नदी का बहाव तेज होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं सकी और देखते ही देखते पानी में लापता हो गई। ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास घटना के समय नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों और बच्चों ने युवती को डूबते देख शोर मचाया। आसपास के लोगों ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तेज धारा के कारण सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। एसडीआरएफ की दो टीमें तलाश में जुटीं जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने तत्काल जिला प्रशासन और एसडीआरएफ को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एसडीआरएफ की दो अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। प्रशासन ने बताया कि देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चल सका था। खोज अभियान लगातार जारी है और नदी के विभिन्न हिस्सों में तलाश की जा रही है। शादी की खुशियां मातम में बदलीं ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को ही गौसिया परवीन की बड़ी बहन की शादी संपन्न हुई थी। परिवार अभी शादी की खुशियां मना ही रहा था कि अगले ही दिन हुए इस हादसे ने पूरे घर को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण युवती के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं। प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी-नालों के किनारे विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर और बहाव बढ़ जाता है, जिससे इस तरह की दुर्घटनाओं का खतरा अधिक रहता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में कपड़े धोने, स्नान करने या अन्य कार्यों के दौरान पूरी सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles