Top 5 This Week

Related Posts

किशनगंज में बिरयानी दुकान पर छापेमारी:2 सिलेंडर जब्त, व्यावसायिक उपयोग पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने की कार्रवाई


किशनगंज जिला प्रशासन एल.पी.जी. गैस की किल्लत को दूर करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम मे जिले के बहादुरगंज प्रखंड में एक बिरयानी दुकान से दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई बुधवार शाम को हरिनगर चौक स्थित ‘मुरादाबादी एंड हैदराबादी चिकन बिरयानी’ दुकान पर व्यावसायिक उपयोग के आरोप में की गई। बहादुरगंज के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रूपक कुमार के नेतृत्व में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के आदेशानुसार यह छापेमारी की गई। इस दौरान दुकान से दो घरेलू गैस सिलेंडर के साथ चूल्हा, पाइप और अन्य संबंधित सामग्री भी जब्त की गई। इस छापेमारी के दौरान बहादुरगंज थाने की पुलिस बल भी मौजूद थी। प्रशासन ने जब्त किए गए सिलेंडरों के संबंध में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई जारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रूपक कुमार ने बताया कि विभाग ने घरेलू गैस की कालाबाजारी और होटल-ढाबों में इसके व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए जिला मुख्यालय और ब्लॉक स्तर पर टीमें गठित की हैं। जिलेभर में इस संबंध में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सख्त चेतावनी दी है कि वे घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग न करें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग होता दिखाई दे तो इसकी सूचना जिला मुख्यालय पर जारी हेल्पलाइन नंबर पर दें।

Spread the love

Popular Articles