![]()
प्रखंड थाना क्षेत्र की सड़कों पर क्षमता से अधिक इन दिनों गिट्टी और बालू लदे ट्रक, ट्रैक्टर, हाइवा बिना चालान के ही बेखौफ दौड़ रहे है। जिससे खनन विभाग को प्रतिमाह लाखों रुपए का राजस्व नुकसान हो रहा है। ग्रामीण और कुडू शहरी क्षेत्र की सड़कें खराब हो रही है, बावजूद इसके जिला स्तरीय टास्क फोर्स टीम को राजस्व नुकसान नहीं दिख रहा है। विश्वसनीय सूत्रों ने बताया कि रांची जिले के बुढ़मू, चंदवा, कुडू सहित अन्य जगहों से गिट्टी लदे आधा दर्जन से अधिक हाइवा और ट्रैक्टर बिना माइनिंग चालान के धड़ल्ले से कुडू़ थाना क्षेत्र होकर लोहरदगा, गुमला सहित अन्य जगहों पर निकल जा रही हैं। खनन विभाग की टीमें कभी कभी भ्रमण कर जांच करती हैं, बावजूद इसके बिना खनन चालान के बालू गिट्टी लदे यह वाहन कैसे निकल रहे हैं। यह एक बड़ा सवाल है। यही नहीं कुडू के दर्जनों बालू घाटों से बिना परमिट बालू लदे हाइवा और ट्रैक्टर से बालू का परिवहन धड़ल्ले से बालू माफिया कर रहे हैं। बावजूद इसके इनके खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे सबसे बड़ा नुकसान राजस्व को हो रहा है। प्रतिमाह राजस्व को लाखों रुपये की क्षति हो रही है। बावजूद इसके संबंधित महकमा अब तक गंभीर नहीं हो रहा है। अवैध मटेरियल लेकर सड़कों पर दौड़ रही गाड़ियां कई बार दुर्घटना का कारण भी बनती है। खासकर रात्रि के दौरान अवैध बालू और गिट्टी लेकर चलने वाली ट्रैक्टर की स्पीड अनियंत्रित होने के कारण घटना को भी अंजाम दे रही है। स्थानीय लोगों ने इस ओर लोहरदगा डीसी, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ, ध्यान आकृष्ट कराते हुए बिना परमिट बालू गिट्टी लदे वाहनों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले पर सीओ संतोष उरांव ने कहा सूचना मिला है, जांच कर कार्रवाई करेंगे। पत्थर और बालू का अवैध कारोबार हर हाल में बंद होगा।
