Wednesday, August 5, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कृषक पाठशाला में किसानों को मिलेगी खेती की आधुनिक जानकारी : विधायक


सदर प्रखंड की परसही पंचायत अंतर्गत परसही गांव में मंगलवार को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के तत्वावधान में कृषक पाठशाला योजना सह समेकित बिरसा ग्राम योजना का शिलान्यास मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में यह योजना एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से किसानों को कृषि एवं पशुपालन से संबंधित आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण मिलेगा। इससे वे बेहतर ढंग से खेती और पशुपालन कर सकेंगे। राज्य सरकार प्रत्येक प्रखंड में ऐसी कृषक पाठशालाएं खोलने की दिशा में कार्य कर रही है। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर ही प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी ने कहा कि परसही में प्रशिक्षण केंद्र खुलने से किसानों को अब प्रशिक्षण के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय और आर्थिक खर्च दोनों बचेंगे। परसही पंचायत की मुखिया अनीता देवी ने कहा कि विधायक के प्रयास से पंचायत वासियों को बड़ी सौगात मिली है। अब किसानों को अपनी ही पंचायत में प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कहा कि यह पूरे पंचायत और प्रखंड के लिए गर्व की बात है। इससे किसान आधुनिक तकनीक के साथ खेती और पशुपालन कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। प्रमुख परशुराम लोहरा ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। ऐसी पाठशालाएं जिले के सभी पंचायतों में स्थापित होनी चाहिए। इससे किसान नई कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकेंगे। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि आज भी देश की लगभग 70 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है। ऐसे में नई तकनीक और आधुनिक पद्धतियों का प्रशिक्षण किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह, ग्राम प्रधान बीरबल उरांव, प्रखंड अध्यक्ष सकलदीप उरांव, अख्तर हुसैन, विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह, सुनील प्रसाद, अरुण यादव, ज्योति प्रकाश दुबे, अंसारी, रौशन कुमार, सोनू यादव व साजिद अंसारी आदि मौजूद थे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles