![]()
कैमूर पुलिस ने पशु लदे वाहनों से अवैध वसूली करने वाले एक सक्रिय ‘लाइनर गिरोह’ का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध वसूली और भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। यह खुलासा हाल ही में पशु तस्करी के दौरान जब्त किए गए वाहनों के चालकों से पूछताछ के दौरान हुआ। पूछताछ में पता चला कि कुछ दलाल और लाइनर हथियार का भय दिखाकर वाहन चालकों से अवैध वसूली और रंगदारी करते थे। पशु वाहन मालिक सैयद संजीद के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहनिया थाना में कांड संख्या 561/26 दर्ज किया गया है। इस मामले में आठ आरोपियों सलमान, अफजल उल्लाह, अहमद (तीनों कौशाम्बी, उत्तर प्रदेश), राजू (रोहतास), नाज, लद्दन मियां (दोनों शेरघाटी), तथा सद्दाम कुरैशी और इकबाल कुरैशी (दोनों खुरमाबाद) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

