![]()
कैमूर में भभुआ थाना क्षेत्र के नखतौल गांव में सांप के काटने से 23 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नखतौल निवासी विरेंद्र सिंह का बेटा चंदन कुमार (23) के रूप में हुई है। मृतक के बड़े भाई जयलाल सिंह ने बताया कि शनिवार रात चंदन अपने एक मंजिला मकान की छत पर बने कमरे में चौकी पर सो रहा था। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। इलाज के लिए जाते समय मौत तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे आगे के इलाज के लिए ले जा रहे थे कि रास्ते में चांद स्थित एक केंद्र पर जांच के दौरान चिकित्सक ने चंदन को मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि होने के बावजूद, परिजनों ने उसे बचाने की उम्मीद में कई जगहों पर झाड़-फूंक भी करवाई, लेकिन युवक की जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया और सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
कैमूर में सांप के डसने से युवक की मौत:इलाज के लिए जाते समय रास्ते में गई जान
