![]()
कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पेट्रो जलप्रपात के निचले कुंड में शुक्रवार को नहाने के दौरान डूबने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचान बिहारशरीफ चंडी निवासी 40 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों का एक समूह पेट्रो जलप्रपात घूमने आया था। सभी युवक जलप्रपात में नहाने लगे। इसी दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राजीव कुमार का शव कुंड से बाहर निकाला। वहीं, दूसरे युवक बिहारशरीफ निवासी 27 वर्षीय गौतम कुमार को गंभीर हालत में बाहर निकालकर तुरंत सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद गौतम की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। एसआई रौशन पासवान ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


