![]()
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। कोयला लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का सारा कोयला मुख्य मार्ग पर बिखर गया, जिससे गाड़ियों की आवाजाही पर असर पड़ा। मौके पर हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए ट्रैफिक बंद हो गया। सूचना मिलते ही कोडरमा पीसीआर पेट्रोलिंग पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क से कोयला हटवाया और पलटे ट्रक की घेराबंदी कर यातायात फिर से शुरू करने की कोशिश की। हादसे में ट्रक चालक कलाम मियां को मामूली चोटें आईं। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है और उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। चालक कलाम मियां ने बताया कि वह हल्दिया से कोयला लेकर पटना जा रहा था। कोडरमा घाटी के नौवां माइल पर तीखे मोड़ और ढलान के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
कोडरमा घाटी में अनियंत्रित होकर पलटा कोयला लदा ट्रक:सड़क पर बिखरा कोयला, यातायात पर असर; ड्राइवर को लगी मामूली चोटें
