![]()
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। रांची-पटना मेन रोड पर स्थित कोडरमा घाटी के सतपुलिया के पास एक तेल टैंकर और हाईवा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में टैंकर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की पहचान बिहार के छपरा जिले के निवासी 40 वर्षीय धर्मेंद्र यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र यादव बोकारो से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहे थे। इसी दौरान घाटी से गुजरते समय सतपुलिया के पास एक खाली हाईवा ने उनके टैंकर को ओवरटेक किया और अचानक सामने आकर धीमी गति से चलने लगा, जिससे यह हादसा हो गया। हादसे की तस्वीरें देखें… टैंकर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त, चालक फंसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सतपुलिया के पास सड़क ढलान पर है। जिसके कारण टैंकर चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाया, वाहन अनियंत्रित हो गया और पीछे से हाईवा में जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद चालक धर्मेंद्र यादव टैंकर के केबिन में बुरी तरह फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि घाटी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। पुलिस ने रेस्क्यू कर पहुंचाया अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस और सड़क सुरक्षा कर्मी सागर कुमार गिरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल धर्मेंद्र यादव को तुरंत एक निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इधर, दुर्घटना के कारण घाटी में लंबा जाम लग गया, जिससे कई वाहन घंटों फंसे रहे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क किनारे हटवाया और धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया।

