Saturday, May 2, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

कोडरमा में लॉ सेमेस्टर 2 परीक्षा में गलत प्रश्नपत्र मिला:विनोबा भावे यूनिवर्सिटी ने परीक्षा रद्द की, जेजे कॉलेज में छात्रों ने किया प्रदर्शन


विनोबा भावे यूनिवर्सिटी (वीबीयू) द्वारा आयोजित लॉ सेमेस्टर 2 की परीक्षा में अनियमितता के विरोध में बुधवार को जेजे कॉलेज में छात्रों ने प्रदर्शन किया। छात्रों को गलत प्रश्नपत्र मिलने के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। छात्रों ने बताया कि 18 फरवरी को ‘लॉ ऑफ क्राइम 2’ की परीक्षा होनी थी, लेकिन उन्हें 19 फरवरी को होने वाली ‘सीपीसी (सिविल प्रोसीजर एंड लिमिटेशंस एक्ट)’ का प्रश्नपत्र दे दिया गया। यह परीक्षा 16 से 21 फरवरी तक निर्धारित थी। जैसे ही छात्रों को गलत प्रश्नपत्र मिला, वे अचंभित रह गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना जगन्नाथ जैन महाविद्यालय के प्रोफेसरों और प्राचार्य को दी। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालय को परीक्षा रद्द करने का निर्देश दिया प्राचार्य मिथिलेश उपाध्याय ने तत्काल सभी छात्रों से प्रश्नपत्र वापस ले लिए और विनोबा भावे विश्वविद्यालय को घटना की जानकारी दी। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालय को परीक्षा रद्द करने का निर्देश दिया। महाविद्यालय ने छात्रों को परीक्षा रद्द होने की सूचना दी और अगले आदेश का इंतजार करने को कहा। विश्वविद्यालय की इस लापरवाही से छात्रों में भारी रोष देखा गया। छात्र शिवम राणा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने बिना किसी अंतराल के सभी विषयों की परीक्षाओं का कार्यक्रम तैयार किया है, जो गलत है। उन्होंने यह भी कहा कि कई परीक्षार्थी दूसरे जिलों और बिहार से आए हैं, जिन्हें किराए पर होटल या लॉज में रहना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं, छात्रों ने मांग की है कि आज और 19 फरवरी को होने वाली परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय जल्द नई घोषणा करें, जिससे विद्यार्थियों को आगे की स्थिति स्पष्ट हो सके। विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिदिन प्रश्नपत्रों का एक सील लिफाफा आता है: प्राचार्य इधर, इस पूरे मामले पर जगन्नाथ जैन महाविद्यालय के प्राचार्य मिथिलेश उपाध्याय ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रतिदिन प्रश्नपत्रों का एक सील लिफाफा आता है, जिसका हमलोग पूरी तरह से वीडियोग्राफी करवा कर ही सील खोलते हैं। आज होने वाली परीक्षा को लेकर भी यही प्रक्रिया अपनाई गई। उन्होंने कहा कि हमारे द्वारा प्रश्नपत्रों के सील खोलने के बाद उसे सीधा छात्रों में वितरण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आज हुई समस्या से विश्वविद्यालय को अवगत करा दिया गया है। विश्वविद्यालय ने परीक्षा रद्द करने का निर्देश दिया है। जैसे ही विश्वविद्यालय से आगे की परीक्षा को लेकर कोई अधिसूचना जारी होती है, बच्चों की परीक्षा ले ली जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles