![]()
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में नीरू पहाड़ी के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में 33 वर्षीय युवक प्रीतम पटेल की मौत हो गई। प्रीतम स्वर्गीय मुन्ना राउत का बेटा था। जानकारी के अनुसार, प्रीतम अपने पैतृक गांव गिरिडीह जिले के राजधनवार गए थे। देर रात वह बाइक से झुमरीतिलैया स्थित अपने किराए के मकान लौट रहे थे। इसी दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। नीरू पहाड़ी के पास पहुंचने पर वह अचानक एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रीतम ने हेलमेट पहन रखा था, बावजूद इसके हादसे में उनका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। शरीर के कुछ हिस्से सड़क पर, जबकि कुछ हिस्से सड़क किनारे झाड़ियों में बिखरे हुए थे। थाना प्रभारी टीम के साथ पहुंचे, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने बताया कि मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। इसके बाद घटना की जानकारी प्रीतम के परिजनों को दी गई। थाना प्रभारी के अनुसार, मूसलाधार बारिश के बीच बाइक से यात्रा करने के दौरान प्रीतम अज्ञात वाहन की चपेट में आए और उनकी जान चली गई। हालांकि, दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजन सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे। अस्पताल में प्रीतम का शव देखकर परिजन भावुक हो गए। मां, पत्नी और पुत्री को छोड़ गया प्रीतम बताया गया कि प्रीतम पटेल अपनी मां और पत्नी के साथ झुमरीतिलैया में किराए के मकान में रहते थे। वह स्मार्ट बाजार में काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सड़क हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रीतम अपने पीछे अपनी विधवा मां, पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उल्लेखनीय है कि उनके पिता मुन्ना राउत का निधन करीब एक वर्ष पहले हो चुका था। पिता की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारियों में प्रीतम की भूमिका महत्वपूर्ण थी। अब उनकी असमय मौत से परिवार के सामने भावनात्मक संकट के साथ-साथ भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। इधर, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है।
कोडरमा में सड़क हादसा, युवक की मौत:बारिश के दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा, स्मार्ट बाजार में युवक करता था काम
