![]()
खगड़िया में गंगा नदी के कटाव से जूझ रहे खगड़िया के दियारा क्षेत्र के लोगों को स्थायी राहत दिलाने के लिए सांसद राजेश वर्मा ने मजबूत बंडाल निर्माण की दिशा में पहल करने का भरोसा दिया है। सोमवार को रहीमपुर दक्षिणी समेत कटाव प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने के बाद मथार दुर्गा स्थान में आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि गंगा कटाव का मुद्दा आगामी लोकसभा सत्र में उठाया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री के समक्ष भी क्षेत्र की स्थिति रखने का प्रयास किया जाएगा। सांसद ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल आश्वासन देना नहीं, बल्कि समस्या के समाधान का रास्ता तैयार करना है। इसके लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के स्तर पर पहल की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगली बार क्षेत्र के दौरे पर आने तक बंडाल निर्माण की स्वीकृति और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की दिशा में ठोस प्रगति का प्रयास करेंगे। देखें, मौके से आई तस्वीरें… कटाव से जमीन, घर और आजीविका पर खतरा सांसद राजेश वर्मा ने रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के गंगा कटाव प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें कटाव से उत्पन्न समस्याओं की जानकारी दी। रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी, रहीमपुर मध्य, टीकारामपुर और मथार समेत आसपास के दियारा क्षेत्रों के लोगों ने नदी किनारे मजबूत बंडाल निर्माण की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि गंगा कटाव से उनकी जमीन, घर और आजीविका पर खतरा मंडरा रहा है। जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। सांसद ने संबंधित अधिकारियों को कटावरोधी कार्यों को मजबूती से कराने के निर्देश दिए। लोकसभा में उठेगा कटाव का मुद्दा जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि गंगा कटाव केवल स्थानीय समस्या नहीं, बल्कि हजारों लोगों की सुरक्षा और भविष्य से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बुजुर्गों और माताओं की उम्मीद है कि उनके जीवनकाल में इस समस्या का स्थायी समाधान हो। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के साथ प्रधानमंत्री से मुलाकात कर कटाव की गंभीरता से अवगत कराने का प्रयास करेंगे। बंडाल निर्माण की डीपीआर तैयार कराने और परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर पहल की जाएगी। विधायक बोले- मुख्यमंत्री से हुई है मुलाकात खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और गंगा कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात हुई है। विधायक ने भरोसा जताया कि गंगा किनारे कटाव रोकने के लिए प्रभावी पहल की जाएगी। शहीद हवलदार के परिजनों से भी मिले सांसद दौरे के दौरान सांसद राजेश वर्मा ने रहीमपुर उत्तरी पंचायत के सोनवर्षा गांव पहुंचकर सीआरपीएफ में तैनात रहे शहीद हवलदार स्वर्गीय पमपम चौधरी को श्रद्धांजलि दी। खगड़िया सदर विधायक बबलू मंडल के साथ उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इससे पहले सांसद ने संसदीय कार्यालय में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र के एमजी रोड निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रविशचंद्र सिन्हा के आवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम भी जाना। कटाव का मुद्दा उठाने वालों की सराहना सांसद ने गंगा कटाव की समस्या को लगातार उठाने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता कृष्ण कुमार मुन्ना, इंजीनियर धर्मेंद्र, नागेंद्र त्यागी और विधायक बबलू मंडल के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न भगत, जदयू जिलाध्यक्ष अनुराधा कुमारी, लोजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, रालोमो जिलाध्यक्ष परमानंद सिंह समेत एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खगड़िया में गंगा कटाव रोकने के लिए बनेगा मजबूत बंडाल!:सांसद राजेश वर्मा का ऐलान, PM मोदी के सामने भी उठाएंगे मुद्दा
