![]()
खगड़िया में जलजमाव, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, विद्यालयों की आपदा तैयारियों और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर डीएम विक्रम विरकर ने शनिवार को समीक्षा बैठक की। समाहरणालय स्थित अपने कक्ष में शाम 4:30 बजे हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित समाधान और तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। जलजमाव वाले इलाकों में सफाई और जलनिकासी पर जोर नगर निकाय क्षेत्रों में जलजमाव वाले स्थानों पर नियमित सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। जलजमाव से होने वाले वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था के लिए पर्याप्त मानवबल उपलब्ध कराने और कार्यों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया। स्कूलों के खेल मैदान होंगे दुरुस्त विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं को देखते हुए खेल मैदानों की सफाई, समतलीकरण और आवश्यक रखरखाव कराने का निर्देश दिया गया। जरूरत के अनुसार मैदानों में पानी का छिड़काव और मोबाइल शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया। BUIDCO की योजनाओं की गुणवत्ता जांचने का निर्देश बैठक में BUIDCO की ओर से नगर निकायों में संचालित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने को कहा। किसी योजना में अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधित वरीय पदाधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। बस स्टैंड समेत प्रमुख जगहों पर जाम की समीक्षा शहर में यातायात जाम की समस्या को लेकर बस स्टैंड, राजेंद्र सरोवर समेत प्रमुख स्थलों की व्यवस्था की समीक्षा हुई। सड़क पर बालू-गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री रखने, फुटपाथ पर अनधिकृत दुकानें लगाने, अस्थायी अतिक्रमण और ब्लैक टॉप पर वाहनों की पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया। ई-रिक्शा को व्यवस्थित करने पर जोर फुटपाथी विक्रेताओं को टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने को कहा गया। ई-रिक्शा और दुकानों के संचालन को व्यवस्थित करने के साथ सड़क किनारे उपलब्ध स्थानों के बेहतर इस्तेमाल का निर्देश दिया गया। शहर में प्रकाश व्यवस्था, CCTV कैमरों और संवेदनशील स्थलों की पहचान को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी करने का निर्देश आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए शौचालयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, सार्वजनिक सुविधाओं और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा।
खगड़िया में जलजमाव और जाम पर डीएम सख्त:त्योहारों से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश, सार्वजनिक सुविधाओं की हुई समीक्षा
