![]()
खगड़िया जिले में संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने परबत्ता प्रखंड के तेमथा, करारी और आसपास के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तटबंधों की मजबूती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा। डीएम ने बाढ़ राहत कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने जी.आर. (GR) पोर्टल पर लाभुकों की प्रविष्टि की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत और समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की तैयारियों से जुड़ी तस्वीरें… रसोई के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण किया
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आपदा की स्थिति में राहत सामग्री और अनुग्रह सहायता का वितरण तभी तेजी से संभव होगा, जब लाभुकों का डेटा पहले से पूरी तरह अपडेट रहेगा। इसके अतिरिक्त, डीएम ने संभावित बाढ़ के दौरान संचालित होने वाली सामुदायिक रसोई के लिए चिन्हित स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, बिजली और खाद्यान्न भंडारण सहित सभी आवश्यक सुविधाओं को पहले से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका संचालन बिना किसी विलंब के शुरू किया जा सके। बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा, त्वरित राहत और समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है।

