![]()
खगड़िया पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में 50,000 रुपये के इनामी ‘लाल वारंटी’ चंद्रकिशोर मंडल उर्फ चानो मंडल को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी मानसी थाना पुलिस, DIU टीम खगड़िया और STF (SOG-03) पटना की एक संयुक्त टीम ने की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मानसी थाना क्षेत्र के एकनिया गांव में छापेमारी कर आरोपी को दबोचा। चंद्रकिशोर मंडल लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई बार प्रयास किए गए थे, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा था। गिरफ्तार अपराधी मानसी थाना कांड संख्या 60/13, दिनांक 17 अप्रैल 2013 में धारा 395 भा.दं.वि. (डकैती) के तहत वांछित था। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चंद्रकिशोर मंडल का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ चौथम थाना कांड संख्या 272/19 (दिनांक 10.11.2019) में डकैती का मामला दर्ज है। इसके अतिरिक्त, मानसी थाना कांड संख्या 16/20 (दिनांक 14.01.2020) में भी धारा 395 के तहत केस दर्ज है। मानसी थाना कांड संख्या 48/10 (दिनांक 05.05.2010) में धारा 341, 323, 324, 307, 504, 34 भा.दं.वि. एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। मानसी थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क तथा साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है, जिससे अन्य मामलों का भी खुलासा होने की संभावना है।
इस सफल कार्रवाई में मानसी थाना के पु०अ०नि० सह थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में DIU टीम खगड़िया एवं STF (SOG-03) पटना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
खगड़िया पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

