![]()
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग पुलिस के एक आरक्षी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना जोड़ापीटल के पास नेशनल हाईवे पर हुई। जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में तैनात आरक्षी राम लखन यादव एक पुलिस टीम के साथ धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी के लिए आए थे। टीम एक व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद वापस हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। हादसे से जुड़ी तस्वीरें देखें… आरक्षी की मौके पर मौत, चार लोग गंभीर टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के आगे बैठे आरक्षी राम लखन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, एक निजी चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तत्काल सभी घायलों को धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। तेज रफ्तार की वजह से हुआ होगा हादसा मृतक आरक्षी राम लखन यादव के परिजन कामेश्वर चौधरी ने बताया कि वह झारखंड पुलिस में कार्यरत थे। ड्यूटी से लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायल चारों लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। इधर, पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और अंधेरे के कारण चालक को सड़क किनारे खड़े ट्रेलर का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे यह हादसा हुआ।

