
Kahalgaon Jamalpur Train Speed: भागलपुर. गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मालदा डिवीजन ने बाढ़ प्रभावित रेलखंडों पर ट्रेनों की रफ्तार सीमित कर दी है. कहलगांव-सबौर और सुल्तानगंज-रतनपुर खंड में अब ट्रेनें 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी. रेलखंड के निरीक्षण के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह नियंत्रित कॉशन स्पीड लागू की गयी है.
रेलवे की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में पटरियों और पुलों की लगातार निगरानी की जा रही है. कई पुलों के आसपास जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. पुलों पर वॉचमैन को तैनात किया गया है, जबकि कहलगांव से जमालपुर तक बाढ़ प्रभावित हिस्सों में पेट्रोलमैन पैदल गश्त कर पटरियों की स्थिति पर नजर रख रहे हैं.
इन पुलों पर 20 से 30 किमी की कॉशन स्पीड
मालदा डिवीजन के अनुसार कहलगांव-भागलपुर खंड के कहलगांव-सबौर हिस्से में किलोमीटर 276 से 296 तक तथा भागलपुर-जमालपुर खंड के सुल्तानगंज-रतनपुर हिस्से में किलोमीटर 335 से 350 तक विशेष निगरानी की जा रही है.
ब्रिज संख्या 130, 135, 144ए, 181, 188, 195, 197 और 198 पर ट्रेनों की अधिकतम कॉशन स्पीड 30 किमी प्रति घंटा रखी गयी है. वहीं ब्रिज संख्या 145ए पर 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाने का निर्देश है.
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए रेलवे ने इन हिस्सों में नियंत्रित गति से ट्रेनों का परिचालन करने का फैसला लिया है, ताकि पुलों और ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके.
पुलों पर 24 घंटे तैनात हैं वॉचमैन
केंद्रीय जल आयोग के 8 सितंबर को सुबह 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार मुंगेर में गंगा का जलस्तर 40.08 मीटर दर्ज किया गया, जो 39.33 मीटर के खतरे के स्तर से 0.75 मीटर अधिक है. भागलपुर में जलस्तर 34.60 मीटर रहा, जो 33.68 मीटर के खतरे के स्तर से 0.92 मीटर ऊपर है.
केंद्रीय जल आयोग के गेज ट्रेंड के अनुसार इलाहाबाद, वाराणसी, बक्सर, पटना और मुंगेर में जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है. वहीं बरियारपुर, कल्याणपुर और भागलपुर में जलस्तर अपेक्षाकृत मध्यम गति से बढ़ रहा है.
वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में बतायी गयी है, लेकिन रेलवे पुलों पर बाढ़ का जलस्तर गंभीर बना हुआ है. ऐसे स्थानों पर स्थायी वॉचमैन की ओर से 24 घंटे निगरानी की जा रही है. जलस्तर की हर घंटे रिकॉर्डिंग हो रही है. जलस्तर में महत्वपूर्ण वृद्धि या कटाव जैसी स्थिति पर नजर रखने के लिए केंद्रीय जल आयोग से संबंधित आंकड़े हर चार घंटे में लिये जा रहे हैं.
अधिकारी भागलपुर में कर रहे कैंप
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्य पुल इंजीनियर, मुख्य इंजीनियर सामान्य सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भागलपुर में कैंप कर रहे हैं. अधिकारी मौके पर जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.
वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, सहायक मंडल इंजीनियर, स्थायी पथ निरीक्षक और निर्माण निरीक्षक की ओर से प्रतिदिन ट्रॉली, फुटप्लेट और पैदल निरीक्षण किया जा रहा है. बाढ़ प्रभावित रेलखंड में ट्रैक और पुलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
Kahalgaon Jamalpur Train Speed: बरियारपुर में तैयार है मानसून रिजर्व
रेलवे ने आपात स्थिति से निपटने के लिए बरियारपुर में मानसून रिजर्व सामग्री, पर्याप्त मानव बल और मशीनरी को तैयार रखा है. जरूरत पड़ने पर इनकी तत्काल तैनाती की जा सकेगी.
रेलवे की ओर से ब्रिज संख्या 195 के री-गर्डरिंग और उसे ऊंचा करने के साथ एप्रोच को भी ऊंचा करने का प्रस्ताव प्रमुख स्थायी सुधारात्मक उपाय के रूप में रखा गया है. फिलहाल बाढ़ के बीच सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों की गति सीमित रखने और पुलों व पटरियों की चौबीसों घंटे निगरानी पर जोर दिया जा रहा है.
Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा
Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां
The post गंगा की बाढ़ से रेलवे अलर्ट, कहलगांव-जमालपुर रूट पर 20-30 किमी की स्पीड लिमिट, पुलों पर 24 घंटे पहरा appeared first on Prabhat Khabar.
