Saturday, October 17, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

गयाजी पहुंचे बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार:'20 साल बेमिसाल' प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत


बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को गयाजी पहुंचे। केदारनाथ मार्केट में जनता दल यूनाइटेड की ओर से आयोजित ’20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। दशहरा के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में सिर्फ दो मिनट रुके। उद्घाटन के बाद बिना भाषण दिए ही वापस लौट गए। जदयू प्रदेश महासचिव चंदन सिंह, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी और पूर्व विधान पार्षद कुमुद वर्मा ने पूर्व सीएम का स्वागत किया। इस प्रदर्शनी का मकसद नीतीश कुमार के करीब दो दशक के शासनकाल में बिहार और गयाजी जिले में हुए विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाना है। यह प्रदर्शनी दशहरा तक चलेगी। ‘पानी की समस्या होगी दूर’ जदयू प्रदेश महासचिव चंदन सिंह ने बताया कि गंगा जलापूर्ति योजना जिले की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में से एक है। यह योजना शहर में पीने के पानी की समस्या दूर करने के लिए है। जीविका योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से हजारों महिलाओं को समूहों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिला है। प्रदर्शनी में इन योजनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है, ताकि लोग उनके महत्व और लाभ को समझ सकें। रबर डैम और विष्णुपद कॉरिडोर को बताया विकास का प्रतीक धार्मिक-पर्यटन महत्व का उल्लेख करते हुए चंदन सिंह ने फल्गु नदी पर बने रबर डैम और विष्णुपद क्षेत्र के विकास कार्यों को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि गयाजी भगवान विष्णु की नगरी है और यहां धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों का लाभ आने वाले समय में भी मिलेगा। ‘20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की पहल है। इसका मकसद अपने नेता के प्रति प्रेम, सम्मान और विश्वास व्यक्त करने के साथ-साथ जनता को सरकार के कार्यकाल में हुए कामों की जानकारी देना है। पार्टी के कार्यकर्ता अपने स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, ताकि आम लोगों को विकास योजनाओं के बारे में जानकारी मिल सके। दशहरा तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी प्रदर्शनी ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी को दशहरा के दौरान आम लोगों तक विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इसमें गंगा जलापूर्ति योजना, जीविका, रबर डैम और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। जदयू नेताओं का कहना है कि इस पहल से लोगों को गया जिले में हुए विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। हालांकि, इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी बेहद संक्षिप्त रही। उन्होंने केवल दीप प्रज्वलित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और करीब दो मिनट बाद रवाना हो गए। उन्होंने न तो कोई भाषण दिया और न ही किसी अन्य कार्यक्रम में शामिल हुए। ऐसे में कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जहां विकास कार्यों की प्रदर्शनी रही, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री का संक्षिप्त प्रवास भी चर्चा में रहा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles