![]()
विश्व प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल बोधगया आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। इंडिगो एयरलाइन अक्टूबर से गया एयरपोर्ट से बैंकॉक के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की तैयारी में है। यदि सभी आवश्यक स्वीकृतियां समय पर मिल जाती हैं, तो इस सेवा का संचालन अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। इससे बोधगया के पर्यटन उद्योग और स्थानीय कारोबार को नई गति मिलेगी। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, इंडिगो ने अक्टूबर से मार्च तक के पर्यटन सीजन के लिए बैंकॉक उड़ान का प्रस्तावित शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को सौंप दिया है। इस प्रस्ताव में रोजाना उड़ान संचालित करने की योजना है। फिलहाल, इस प्रस्ताव पर आवश्यक तकनीकी और नियामकीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया जारी है। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद एयरलाइन आधिकारिक तौर पर उड़ान का समय और बुकिंग से संबंधित जानकारी जारी करेगी। बोधगया हर साल थाईलैंड, श्रीलंका, जापान, म्यांमार, भूटान और वियतनाम सहित अन्य बौद्ध देशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से विदेशी यात्रियों का यात्रा समय कम होगा और उन्हें बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। अब तक अधिकांश यात्रियों को दूसरे शहरों के रास्ते गया पहुंचना पड़ता था, जिससे यात्रा लंबी और महंगी हो जाती थी। उड़ान शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को भेजा पर्यटन सीजन को देखते हुए, केवल इंडिगो ही नहीं, बल्कि कई विदेशी विमानन कंपनियां भी गया एयरपोर्ट से परिचालन की तैयारी कर रही हैं। थाई एयर एशिया और भूटान की ड्रुक एयर ने अपना प्रस्तावित उड़ान शेड्यूल एयरपोर्ट प्रबंधन को भेज दिया है। थाई एयरवेज और म्यांमार इंटरनेशनल सहित अन्य एयरलाइंस के भी जल्द ही अपना परिचालन कार्यक्रम उपलब्ध कराने की संभावना है, जिससे आने वाले महीनों में गया एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय गतिविधियां बढ़ेंगी। परिचालन सुविधा के अनुसार बदलाव संभव एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि एयरलाइंस की ओर से भेजे गए टेकऑफ और लैंडिंग के प्रस्तावित समय में परिचालन सुविधा के अनुसार बदलाव संभव है। सभी एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद अंतिम उड़ान कार्यक्रम जारी किया जाएगा। इसके बाद ही यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग और नियमित संचालन की प्रक्रिया शुरू होगी। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ने से बोधगया का पर्यटन उद्योग नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। होटल, गेस्ट हाउस, टैक्सी सेवा, ट्रैवल एजेंसियां, हस्तशिल्प व्यवसाय और स्थानीय बाजारों में रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे। विदेशी पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में इंडिगो गया से दिल्ली और कोलकाता के लिए घरेलू उड़ानों का संचालन कर रही है। बैंकॉक के लिए अंतरराष्ट्रीय सेवा शुरू होने के बाद गया एयरपोर्ट का महत्व और बढ़ जाएगा। लंबे समय से इस तरह की सीधी अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी। यदि प्रस्ताव तय समय पर लागू होता है, तो इस पर्यटन सीजन में बोधगया आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं को पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक और तेज हवाई यात्रा उपलब्ध हो सकेगी।
