Sunday, March 29, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह में कुएं में डूबने से दंपती की मौत:पैर फिसलने से पत्नी कुएं में गिरी, बचाने के लिए पति ने लगा दी छलांग; दोनों की गई जान


गिरिडीह में कुएं में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना गांडेय थाना क्षेत्र के गोविन्दपुरा गांव की है। कुएं से पानी निकालने के दौरान पत्नी कुएं में जा गिरी। उसे बचाने के लिए पति ने कुएं में छलांग लगा दी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में राजेंद्र मुर्मू और उसकी पत्नी पार्वती देवी शामिल है। पार्वती देवी रोज की तरह घर के कामकाज में लगी हुई थीं। इसी क्रम में वह कुएं से पानी निकालने पहुंचीं। पानी खींचने के दौरान अचानक पार्वती का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरीं। महिला के कुएं में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। पत्नी को कुएं में गिरता देख पति राजेंद्र मुर्मू ने बिना समय गंवाए उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। कुआं काफी गहरा था और उसमें पानी का स्तर भी अधिक था, जिसके कारण दोनों ही खुद को संभाल नहीं सके और डूबने लगे। आसपास के लोग जब तक कोई ठोस प्रयास कर पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

Spread the love

Popular Articles