![]()
गिरिडीह जिले के निनियांघाट थाना क्षेत्र में हुए 15 लाख रुपए से अधिक के कॉपर वायर लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए तार, घटना में प्रयुक्त वाहन, नकदी और हथियार बरामद किए हैं। यह घटना 26/27 अप्रैल 2026 की रात डीबीसी निनियांघाट सब स्टेशन के पीछे एक खेत में हुई थी। यहां 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन के लिए रेलवे के माध्यम से केबल बिछाने का काम चल रहा था। मौके पर कनेक्शन लाइन के लिए भारी मात्रा में कॉपर वायर रखा हुआ था। अपराधियों ने वहां मौजूद गार्ड अनिल कुमार महतो और रंजीत ठाकुर को डरा-धमकाकर बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद, उन्होंने लगभग 193 मीटर कॉपर वायर काट लिया, जिसकी अनुमानित कीमत 15 लाख 58 हजार 316 रुपए है। गार्डों से उनके मोबाइल फोन और करीब 5 हजार रुपए नकद भी छीन लिए गए। घटना के बाद निनियाँघाट थाना में कांड संख्या 41/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुमित कुमार डुमरी और पुलिस निरीक्षक डुमरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। धनबाद निवासी तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने इस मामले में धनबाद निवासी तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान कल्लू कुमार उर्फ कल्लू पासी (23), राजू भुईयां उर्फ कारू भुईयां (25) और नरेश भुईयां उर्फ बिट्टवल भुईयां उर्फ कुटुम्ब (32) के रूप में हुई है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने 267 किलोग्राम कॉपर तार, 39 किलोग्राम केबल का काला कवर, घटना में प्रयुक्त पिकअप, दो मोबाइल फोन, 38 हजार रुपए नकद, हेक्सा आरी और ब्लेड बरामद किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार सभी अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है। कल्लू पासी वर्ष 2019 में, राजू भुईयां वर्ष 2016 में और नरेश भुईयां वर्ष 2023 में धनबाद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में जेल जा चुके हैं। फिलहाल पुलिस इनके अन्य सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में डुमरी अंचल के राजेंद्र प्रसाद महतो, थाना प्रभारी सुमन कुमार सहित निमियाँघाट थाना, डुमरी थाना और तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
