झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 53वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को गिरिडीह के ऐतिहासिक झंडा मैदान में आयोजित होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। समारोह को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रविवार को झंडा मैदान पहुंचकर मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आयोजन को शांतिपूर्ण और सफल बनाने पर जोर दिया। सरकार की उपलब्धियों पर होगा फोकस झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पार्टी का स्थापना दिवस हर वर्ष 4 मार्च को मनाया जाता है, लेकिन इस बार होली पर्व के कारण कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह समारोह 30 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की मजबूती को लेकर विशेष चर्चा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक रणनीतियों के लिए भी तैयार किया जाएगा, जिससे पार्टी को और सशक्त बनाया जा सके। शहर में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी समारोह को लेकर पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले के विभिन्न प्रखंडों से कार्यकर्ता झंडा मैदान पहुंचेंगे, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इस आयोजन में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, जिला अध्यक्ष संजय सिंह, सचिव शहनवाज अंसारी, मीडिया प्रभारी कृष्ण मुरारी शर्मा, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह और अभय सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। स्थापना दिवस को लेकर पूरे गिरिडीह में राजनीतिक माहौल गरमा गया है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी पूरी ताकत झोंक रही है।