![]()
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के झारकट्टा गांव के नीचे टोला के पास मंगलवार को एक 32 साल के युवक का शव नदी किनारे मिला। युवक पिछले दो दिनों से लापता था। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के चिरैया घाट निवासी दीपक बर्णवाल के रूप में हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दीपक करीब 15 दिन पहले ही गुजरात से अपने घर लौटा था, जहां वह काम करता था। मंगलवार को झारकट्टा गांव के नीचे टोला के कुछ लोग नदी की तरफ गए थे। तभी उनकी नजर नदी किनारे पड़े एक शव पर पड़ी। जेब से मिला मोबाइल फोन ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांडेय थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन भी मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शव सदर अस्पताल पहुंचते ही मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दीपक के पिता प्रभु बर्णवाल गढ़वा में काम करते हैं। मृतक के भाई संजय कुमार ने बताया कि दीपक दो दिन पहले घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार को पुलिस के जरिए उन्हें दीपक का शव नदी किनारे मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे। संजय कुमार ने यह भी बताया कि दीपक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान दिख रहे हैं। इसे देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, युवक की मौत कैसे और किन हालात में हुई, इसका साफ खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
गिरिडीह में दो दिन से लापता युवक का मिला शव:नदी किनारे मिली लाश, शरीर पर मिले चोट के निशान; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
