![]()
गिरिडीह जिले में नकली विदेशी शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से संचालित एक नकली विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार नकली शराब, पैकेजिंग सामग्री और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। नामी ब्रांड के नाम पर तैयार हो रही थी नकली शराब उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने बताया कि फैक्ट्री में नामी ब्रांडों के नाम पर बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान 350 पेटी रॉयल स्टैग, आइकोनिक और रॉयल चैलेंज ब्रांड की नकली व्हिस्की बरामद की गई। इसके अलावा 4,000 लीटर क्षमता की पानी की टंकी, 55 रोल रैपर, 25 हजार ढक्कन, 20 रोल होलोग्राम, 60 खाली बोतलें, एक हजार कार्टन, एक एसीई मशीन और 20 फीट पाइप समेत बड़ी मात्रा में उपकरण और सामग्री जब्त की गई। मौके से एक पिकअप वाहन और एक मारुति कार भी बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि इस नकली शराब को जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। अवैध नेटवर्क पर कसेगा शिकंजा उत्पाद विभाग के अनुसार इस अवैध कारोबार से जहां लोगों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था, वहीं सरकार को भी भारी राजस्व नुकसान पहुंचाया जा रहा था। मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) एवं 55 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। छापेमारी अभियान का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया, जिसमें विभाग के कई अधिकारी और बेंगाबाद थाना पुलिस के जवान शामिल रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जाएगी।
