Tuesday, April 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान:टावर चौक सहित कई इलाकों से ठेले हटाए गए, जाम से मिलेगी राहत


गिरिडीह शहर में बढ़ते अतिक्रमण और लगातार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने मंगलवार को सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान टावर चौक, बड़ा चौक, कालीबाड़ी चौक और सदर अस्पताल रोड समेत शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे अवैध रूप से ठेला लगाकर सब्जी, फल और फूल बेचने वाले दुकानदारों को हटाया गया। अचानक शुरू हुए इस अभियान से अतिक्रमण कर कारोबार करने वालों में अफरातफरी मच गई। नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान सड़कों और फुटपाथों को खाली कराया। दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि वे दोबारा सड़क पर दुकान लगाने की कोशिश न करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है, बल्कि आम लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनता है। दुकानदारों और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना समेत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान कई जगहों पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन प्रशासनिक सख्ती और पुलिस बल की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आईआरबी (IRB) फोर्स के जवानों को तैनात किया गया था, जिन्होंने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाले रखी। नगर निगम के सिटी मैनेजर अभिषेक प्रकाश ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना और आम लोगों को जाम से राहत दिलाना निगम की प्राथमिकता है। अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद यदि लोग अतिक्रमण करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा, ताकि शहर को व्यवस्थित और साफ-सुथरा बनाया जा सके। प्रशासन ने शहर के सभी दुकानदारों और ठेला संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें और सड़क व फुटपाथ को खाली रखें। नगर निगम द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका लाभ उठाकर लोग नियमों के तहत व्यापार कर सकते हैं। अभियान के दौरान प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक गौरी शंकर यादव, निगम कर्मी अमित कुमार राय, कौशिक कुमार, रवि वर्मा सहित अन्य कर्मचारी और IRB के जवान मौजूद रहे। नगर निगम की इस कार्रवाई से शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles