Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह में भीषण आगजनी; बड़ा हादसा टला:चार मंजिला मकान की छत पर था स्टोर रूम, व्यस्त इलाके में मची अफरा-तफरी


गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त कालीबाड़ी चौक में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक चार मंजिला मकान की छत पर बने स्टोर रूम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। स्टोर रूम में रखा था ज्वलनशील सामान मकान मालिक पशुपतिनाथ टिबड़ेवाल के अनुसार, उनका परिवार प्रथम तल पर रहता है, जबकि भूतल पर दुकान संचालित होती है। चौथे तल्ले की छत पर बने स्टोर रूम में कबाड़, इलेक्ट्रॉनिक सामान, तार और पास में तेल से भरा जनरेटर रखा हुआ था। पड़ोसियों ने छत से धुआं उठते देखा और तत्काल सूचना दी। जब तक लोग छत पर पहुंचे, तब तक आग पूरे स्टोर रूम को अपनी चपेट में ले चुकी थी। लपटें तेज हो चुकी थी। दमकल ने आग पर पाया काबू घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। बाल्टियों और पाइप के सहारे पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, क्योंकि स्टोर रूम में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और तार रखे थे। हालांकि, वास्तविक कारणों की जांच जारी है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Spread the love

Popular Articles