![]()
गिरिडीह रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार देर रात चोरी की नीयत से आए अज्ञात बदमाशों ने ड्यूटी पर तैनात एक गार्ड पर हमला कर दिया। इस हमले में गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर टूट गया। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुछ संदिग्ध लोग स्टेशन परिसर के स्टोर रूम के पास पहुंचे थे। गार्ड ने उनकी गतिविधि पर संदेह होने पर उनसे पूछताछ की, लेकिन पूछताछ करते ही बदमाशों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी और गार्ड को बुरी तरह घायल कर दिया। हजारीबाग के बेला गांव के रहने वाले हैं घायल गार्ड घायल गार्ड की पहचान 48 वर्षीय महरु साव के रूप में हुई है। वह हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के बेला गांव के निवासी हैं। महरु साव पिछले करीब सात वर्षों से गिरिडीह रेलवे स्टेशन के पीडब्ल्यूआई इंजीनियरिंग विभाग में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं। उनकी जिम्मेदारी रात के समय स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने की होती है। घटना के समय भी वह अपनी नियमित ड्यूटी पर तैनात थे और स्टेशन परिसर में गश्त कर रहे थे। लाठी-डंडे से हमला कर तोड़ा पैर बताया जा रहा है कि गार्ड द्वारा पूछताछ किए जाने पर बदमाश भड़क गए और उन्होंने महरु साव पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट के दौरान बदमाशों ने उनके पैर पर जोरदार वार किया, जिससे उनकी हड्डी टूट गई। हमले के बाद बदमाश गार्ड का मोबाइल फोन और स्टोर रूम की चाबी छीनकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद महरु साव ने किसी तरह शोर मचाया, जिसके बाद स्टेशन पर मौजूद अन्य ड्यूटी गार्ड मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद आसनसोल रेफर घायल गार्ड को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि उनकी हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेलवे अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर में हुई इस वारदात के बाद रेलवे कर्मियों में दहशत का माहौल है। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है।
गिरिडीह रेलवे स्टेशन पर गार्ड पर हमला:चोरी की नीयत से आए बदमाशों ने तोड़ा पैर, मोबाइल और चाबी लेकर फरार
Date:




