![]()
गुमला जिले के बसिया प्रखंड अंतर्गत महाराजगंज कारालोया क्षेत्र में रविवार को जंगली हाथी के हमले में 56 वर्षीय बिरसमुनि उराइन की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बिरसमुनि उराइन बाघधरा जंगल में महुआ चुनने गई थीं। इसी दौरान झुंड से बिछड़ा एक अकेला हाथी अचानक उनके पीछे आ गया। महिला को संभलने या भागने का मौका तक नहीं मिला और हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में लेकर पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। वन विभाग और पुलिस मौके पर पहुंची घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फॉरेस्टर शेखर सिंह और बसिया थाना प्रभारी कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के परिजनों को तत्काल 25,000 रुपए की सहायता राशि प्रदान की। फॉरेस्टर शेखर सिंह ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष मुआवजा राशि भी जल्द ही परिजनों को दे दी जाएगी। हाथी को खदेड़ने की कोशिश वन विभाग के अनुसार, हमलावर हाथी संभवतः घाघरा क्षेत्र की ओर से आया है और फिलहाल महाराजगंज के जंगलों में ही मौजूद है। विभाग की टीम लगातार हाथी को रिहायशी इलाकों से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर अकेले न जाएं। हाथी के करीब जाने या उसे उकसाने की कोशिश न करें। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


