![]()
गुमला जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों ने आत्महत्या कर ली। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक व्यक्ति की कीटनाशक के सेवन से मौत हो गई। जबकि दूसरी घटना पूसो थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पहली घटना सदर थाना क्षेत्र के फसिया निवासी गणपति सिंह से संबंधित है। मंगलवार देर रात उन्होंने कीटनाशक का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए रांची रेफर कर दिया गया था। हालांकि, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी भूखाली देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गणपति सिंह सोमवार रात करीब 8 बजे घर लौटे थे। खाना खाने के बाद उन्होंने तबीयत खराब होने की बात कही थी। चिकित्सकों ने कीटनाशक के सेवन से मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। एसआई अरविंद तिवारी इस मामले की छानबीन कर रहे हैं। दूसरी घटना पूसो थाना क्षेत्र के अरको गांव में हुई। यहां स्वर्गीय रामचंद्र उरांव के 24 वर्षीय पुत्र संजीत उरांव ने आम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन रंजीत उरांव ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


