![]()
भास्कर न्यूज| लोहरदगा गुरुकुल भारती विद्यालय परिसर में नवरात्रि के शुभ अवसर पर डांडिया का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की प्रतिमा पर विद्यालय के चेयरमैन परमेश्वर साहू, डायरेक्टर मनोज कुमार, प्राचार्य मनीष कुमार साहू द्वारा पुष्प अर्पण, दीप प्रज्वलन, मां की पूजा और आरती से की गई। इस आयोजन में सभी बच्चों ने बढ़-चढ़कर उत्साह के साथ भाग लिया। विद्यालय की छात्राओं ने नवदुर्गा का रूप धारण कर महिषासुर मर्दन का नृत्य प्रस्तुत किया। सभी का मन मोह लिया। तत्पश्चात सभी बच्चों ने अलग-अलग डांडिया व गरबा गीतों पर जमकर नृत्य किया। इससे पूरा परिसर नवरात्रि के मांगलिक अवसर पर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से रूबरू कराना था। इस तरह के डांडिया उत्सव की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। इससे अपनी संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सहायता मिलती है। मौके पर शारदीय नवरात्र का महात्म्य बच्चों को बताते हुए विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि यह पर्व सर्वोपरि है। इसी समय देवताओं ने दैत्यों से परास्त होकर आदिशक्ति की आराधना की थी। उनकी पुकार सुनकर संपूर्ण देवताओं की तप शक्ति के संयोजन से मां दुर्गा का आविर्भाव हुआ था। इस तरह यह पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर सभी बच्चों के साथ शिक्षिकाओं ने भी खूब मनोरंजन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीता गुप्ता, बीना देवी, अनिता कुशवाहा, कंचन टोप्पो, प्रिया कुमारी, आराध्या अर्पण, सोमा मोदक, रिया, नेहा पांडे, सीमा, मोना, रीमा के साथ-साथ विद्यालय के प्राचार्य, डायरेक्टर व चेयरमैन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
गुरुकुल भारती में नवरात्रि पर डांडिया, बच्चों ने किया गरबा
