
गोगरी थाना क्षेत्र के गोगरी पंचायत स्थित वार्ड संख्या 8 में मंगलवार की दोपहर बाढ़ के पानी में स्नान करने गये 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान शोभन राय टोला वार्ड 8 निवासी अशोक पासवान के पुत्र श्याम कुमार के रूप में हुई है. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. वहीं पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है.
पानी में डूबता देख बच्चों ने मचाया शोर
बताया गया कि श्याम कुमार बाढ़ के पानी में स्नान करने गया था. इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. श्याम को डूबता देखकर वहां मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किशोर को पानी से बाहर निकाला.
इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद श्याम कुमार को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद गोगरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
सीओ ने अस्पताल में ही दिया चार लाख का चेक
घटना की जानकारी मिलते ही गोगरी सीओ मो. आमिर हुसैन भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रप्रकाश से घटना की जानकारी ली. चिकित्सक द्वारा किशोर को मृत घोषित किये जाने के बाद सीओ ने अस्पताल में ही मृतक के परिजन को चार लाख रुपये का चेक सौंपा.
बाढ़ के पानी में बच्चों को नहीं जाने देने की अपील
बाढ़ के पानी में लगातार हो रही डूबने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील कर रहा है. लोगों से कहा जा रहा है कि बच्चों को बाढ़ के पानी और जलजमाव वाले इलाकों में अकेले या समूह में स्नान करने के लिए नहीं जाने दें. गहरे पानी की जानकारी नहीं होने के कारण ऐसे स्थानों पर कभी भी हादसा हो सकता है.
ये भी पढ़ें : खगड़िया में 14 दिनों में डूबने से 12 मौतें, दो बेटों को खोने वाले पिता की अपील- नदी किनारे बेहद सावधानी बरतें
The post गोगरी में बाढ़ के पानी में नहाने गये 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, सीओ ने परिजनों को दिया चार लाख का चेक appeared first on Prabhat Khabar.
