धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के भट्टमुड़ना गांव में 22 वर्षीय युवक हिमांशु कुमार भट्ट का शव उसके कमरे में मिला। हिमांशु की लाश फांसी के फंदे से लटकी मिली। परिजन इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा है। परिजनों के अनुसार, हिमांशु रामनवमी के अवसर पर शुक्रवार सुबह करीब 12 बजे घर से बाहर गया था। वह देर रात करीब 10:30 बजे लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसे डांटा। डांट के बाद सभी परिवार के सदस्य भोजन कर अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। अगली सुबह जब हिमांशु के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो परिजनों को संदेह हुआ। खिड़की से देखने पर पता चला कि हिमांशु का शव पर्दे के सहारे बने फंदे से लटका हुआ था। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा
घटना की सूचना तुरंत कतरास थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्मॉर्टम के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। परिवार ने बताया कि हिमांशु पढ़ाई में होशियार था। वह खेलकूद में भी अच्छा प्रदर्शन करता था। परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं है कि हिमांशु ने यह कदम क्यों उठाया। कतरास पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।