![]()
चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मंगलवार को मॉब लिंचिंग की एक घटना सामने आई है। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के सामने ही रेप के आरोपी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। भीड़ ने उसके पिता की भी पिटाई की। सोमवार की शाम एक नाबालिग लड़की शौच के लिए निकली थी। आरोप है कि मोहम्मद इमरोज ने उसका अपहरण कर दुष्कर्म किया था। मंगलवार की सुबह पीड़ित लड़की घर लौटी और उसने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। लाठी-डंडों और पत्थरों से बेरहमी से पीटा इसके बाद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण आक्रोशित हो गए और आरोपी मोहम्मद इमरोज़ के घर को घेर लिया। भीड़ ने युवक को लाठी-डंडों और पत्थरों से बेरहमी से पीटा। उसे सड़कों पर घसीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे टंडवा क्षेत्र में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही जांच शुरू कर दी है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। पिता को भी खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा भीड़ ने इमरोज को घर से निकाला और सड़क पर घसीटते हुए लाठी-डंडों और पत्थरों से कुचलकर अधमरा कर दिया। उसके पिता को भी खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के सामने ही यह क्रूरता होती रही और प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। बीच-बचाव करने वालों को भी भीड़ ने पीटा। हालांकि, टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन ने पुलिस की मौजूदगी में पिटाई के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही भीड़ हमला कर चुकी थी। पूरे इलाके में पुलिस तैनात पुलिस ने कड़ी मशक्कत से अधमरे युवक को छुड़ाया और टंडवा स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया है और वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की धरपकड़ के लिए सघन छापेमारी कर रही है।

