![]()
चतरा पुलिस ने अवैध अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 लाख रुपये की अफीम जब्त की है। पुलिस ने कुन्दा थाना क्षेत्र से एक तस्कर को उसके घर से गिरफ्तार किया। एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुन्दा थाना क्षेत्र के टिटही भरगांव निवासी नन्दकिशोर गंझू ने अपने घर में अफीम का बड़ा जखीरा छिपा रखा है। वह इसे बड़े बाजारों में बेचने की फिराक में था। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनिमेश नैथानी ने तत्काल सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। पुलिस टीम ने टिटही भरगांव में नन्दकिशोर गंझू के घर की घेराबंदी की और सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के भीतर छिपाकर रखी गई 3 किलो 264 ग्राम गीली अफीम बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त अफीम की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ही तस्कर नन्दकिशोर गंझू को गिरफ्तार कर लिया।

