Top 5 This Week

Related Posts

चाईबासा में हत्यारोपी गिरफ्तार:कुल्हाड़ी से हमला कर किया था घायल, इलाज के दौरान हुई मौत; कुमारडुंगी में हुई घटना


पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के चांदबुनिया गांव में 15 अप्रैल को हुई एक हिंसक घटना में घायल सागु हेम्ब्रम की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी माधो हेस्सा को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, गांव के ही माधो हेस्सा ने सागु हेम्ब्रम पर कुल्हाड़ी (टांगी) से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुमारडुंगी पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) जगन्नाथपुर, रफायल मुर्मू ने बताया कि दुलु हेम्ब्रम के बयान के आधार पर कुमारडुंगी थाना में कांड संख्या 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी भी बरामद कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार, घटना के पीछे मृतक सागु हेम्ब्रम का गांव की महिलाओं के प्रति कथित अनुचित व्यवहार बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह रात के समय घरों में घुसकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करता था। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

Spread the love

Popular Articles