![]()
जन्माष्टमी और भाद्र पूर्णिमा के दौरान देवघर और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के परिचालन का फैसला लिया है। पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी रूटों पर तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा देवघर-राघोपुर-देवघर मेमू स्पेशल की सेवा भी पूरे सितंबर जारी रहेगी। अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन से देवघर के साथ सुल्तानगंज, गोड्डा, जमालपुर समेत आसपास के इलाकों से आने-जाने वाले यात्रियों और श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे के मुताबिक सभी स्पेशल ट्रेनें मार्ग में पड़ने वाले सभी बीच के स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को भी आवागमन की सुविधा मिलेगी। जमालपुर-देवघर स्पेशल सुबह 5:10 बजे खुलेगी जमालपुर और देवघर के बीच पैसेंजर स्पेशल ट्रेन 03442/03441 का परिचालन 6, 13, 20 और 27 सितंबर 2026 को किया जाएगा। 03442 जमालपुर-देवघर स्पेशल जमालपुर से सुबह 5:10 बजे रवाना होकर सुबह 10:10 बजे देवघर पहुंचेगी। वापसी में 03441 देवघर-जमालपुर स्पेशल देवघर से दोपहर 3:45 बजे चलेगी और रात 10:25 बजे जमालपुर पहुंचेगी। इसी तरह देवघर और गोड्डा के बीच 03444/03443 स्पेशल ट्रेन भी 6, 13, 20 और 27 सितंबर को चलेगी। 03444 देवघर-गोड्डा स्पेशल देवघर से सुबह 10:45 बजे रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे गोड्डा पहुंचेगी। वापसी में 03443 गोड्डा-देवघर स्पेशल गोड्डा से दोपहर 1:15 बजे खुलेगी और दोपहर 3:20 बजे देवघर पहुंचेगी। सुल्तानगंज के लिए मेमू, राघोपुर सेवा भी पूरे सितंबर देवघर और सुल्तानगंज के बीच 03575/03576 मेमू स्पेशल भी चलेगी। 03575 देवघर-सुल्तानगंज मेमू स्पेशल 3 और 25 सितंबर को शाम 5:30 बजे देवघर से रवाना होकर रात 9:25 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी। वापसी में 03576 सुल्तानगंज-देवघर मेमू स्पेशल 4 और 26 सितंबर को सुबह 5:45 बजे सुल्तानगंज से चलेगी और सुबह 9:35 बजे देवघर पहुंचेगी। वहीं, यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 05573 राघोपुर-देवघर मेमू स्पेशल और 05574 देवघर-राघोपुर मेमू स्पेशल की सेवा भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है। दोनों ट्रेनों का परिचालन 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन वर्तमान समय-सारणी, मार्ग और ठहराव के अनुसार होगा। इस दौरान दोनों ट्रेनें 30-30 फेरे लगाएंगी। रेलवे का कहना है कि पर्व के दौरान अतिरिक्त रेल सेवाओं से यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की यात्रा को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा की योजना बनाते समय स्पेशल ट्रेनों की निर्धारित तिथियों और समय-सारणी का ध्यान रखें।
जन्माष्टमी-भाद्र पूर्णिमा पर स्पेशल ट्रेन की सौगात:जमालपुर, गोड्डा और सुल्तानगंज से मिलेगी सुविधा, देवघर-राघोपुर मेमू भी पूरे सितंबर चलेगी
