![]()
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक युवक पर चापड़ से हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। टाउन हॉल के समीप हुई इस वारदात में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया है कि अभिषेक डेली कलेक्शन का काम कर घर लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर उनके पास से करीब 10 हजार रुपए लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। चार युवकों ने घेरकर किया हमला घायल अभिषेक गिरी ने पुलिस को बताया कि वह रोज की तरह मानगो क्षेत्र से डेली कलेक्शन का काम पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाउन हॉल के पास वह अपने एक मित्र से मोबाइल पर बात करने के लिए रुके थे। तभी अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू नामक चार युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उन पर चापड़ से हमला कर दिया। अभिषेक के अनुसार, आरोपियों ने उन पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर उन्हें जबरन पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे, लेकिन अभिषेक ने हिम्मत जुटाकर शोर मचा दिया। आसपास के लोगों की हलचल बढ़ते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसके पास मौजूद करीब 10 हजार रुपये भी लेकर भाग निकले। सीसीटीवी खंगाले जा रहे, छापेमारी जारी घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और गतिविधियों का पता लगाया जा सके। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला आपसी रंजिश, लूट या किसी पुराने विवाद से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

