भास्कर न्यूज | गिरिडीह जमुआ थाना क्षेत्र के बेरहाबाद गांव में मंगलवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान वरमाला के समय विवाद हो गया। बताया जाता है कि लड़की पक्ष के लोग दूल्हे को जल्द मंडप में लाने की बात कह रहे थे। इसी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी। लोगों ने लाठी-डंडे, लात-घूंसे से एक-दूसरे पर हमला किया, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घटना में बराती पक्ष के कमल दास (35), कारु दास (24) और दलेश्वर दास (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गांव के निवासी हैं। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इस घटना के संबंध में जख्मी कमल दास ने कहा कि बीती रात मंगलवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गप्पे से बराती जमुआ थाना क्षेत्र के बेरहाबाद गए हुए थे, बरात के स्वागत और वरमाला की तैयारी चल रही थी। उसी समय लड़की पक्ष के लोग वरमाला के लिए लड़का को शादी मंडप में जल्दी लाने के लिए लड़का पक्ष पर दवाब बनाने लगे। इसी बात को लेकर बराती ओर शराती पक्ष में जमकर मारपीट होने लगी। इस मारपीट में बराती पक्ष के तीन लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए।


