![]()
जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के इंदपे गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। उनका उपचार जारी है। घायलों में एक पक्ष से सुरेश पंडित की पत्नी सरोजनी देवी, उनके पुत्र बिक्की कुमार, पुत्री जुली कुमारी और घनश्याम पंडित की पत्नी फूल कुमारी शामिल हैं। दूसरे पक्ष से गोपाल पंडित, विकास कुमार, अनिता देवी और सरस्वती देवी घायल हुए हैं। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। घायल सुरेश पंडित ने बताया कि उनके पड़ोसी गोपाल पंडित और नीरज पंडित उनकी निजी जमीन पर लगे पेड़ को काट रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की। वहीं, दूसरे पक्ष के घायल गोपाल पंडित का कहना है कि विवाद पेड़ की डाल छांटने को लेकर शुरू हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष ने पहले उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके परिवार के लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने बताया कि इलाज के बाद वे टाउन थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

