Sunday, May 10, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

जमुई में BDO पर 5 लाख ठगी का आरोप:ड्राइवर को सरकारी नौकरी दिलाने का दिया था झांसा, जांच में जुटा विभाग


जमुई में सरकारी शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। लक्ष्मीपुर प्रखंड के बीडीओ प्रेम प्रकाश और उनके कथित सहयोगी मनीष कुमार सिंह पर यह गंभीर आरोप लगा है। शिकायतकर्ता अशोक कुमार ने मंगलवार को समाहरणालय पहुंचकर डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल और एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। कटोरिया थाना क्षेत्र के दुधिझरना गांव निवासी पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि जब वे कटोरिया प्रखंड में बीडीओ के वाहन चालक थे, तब उन्हें राजकीय संस्कृत विद्यालय में शिक्षक पद पर नियुक्ति का लालच दिया गया। इसके एवज में उनसे पांच लाख रुपये की मांग की गई। अशोक कुमार के अनुसार, यह रकम किस्तों में ट्रांसफर कराई गई थी। पैसे देने के बाद भी नहीं मिली नौकरी उन्होंने आरोप लगाया कि व्हाट्सऐप के माध्यम से उन्हें आईसीआईसीआई बैंक का खाता नंबर भेजा गया था, जो मनीष कुमार सिंह के नाम पर था। अशोक कुमार ने अपने आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी संलग्न किए हैं। उनका दावा है कि रकम देने के बाद न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही पैसा लौटाया गया। इसके बजाय, उन्हें नौकरी से हटाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। उन्होंने एसपी से कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर पूरे नेटवर्क का खुलासा करने की मांग की है। बीडीओ ने आरोपों को बताया निराधार इस संबंध में बीडीओ प्रेम प्रकाश ने स्वीकार किया कि अशोक पहले उनके चालक थे, लेकिन उन्होंने ठगी के आरोपों को निराधार बताया। बीडीओ का कहना है कि यह एक निजी लेनदेन का मामला है और राशि किसी तीसरे व्यक्ति को दी गई थी, जिसे इस माह के अंत तक वापस करा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मनीष कुमार सिंह पटना सचिवालय में कार्यरत हैं। दूसरी ओर, कथित सहयोगी मनीष कुमार सिंह ने बातचीत में स्वीकार किया कि रकम उनके खाते में आई थी और यह बीडीओ की जानकारी में ही दी गई थी। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि उन्होंने अपने पद का खुलासा नहीं किया। साथ ही कहा कि इस माह तक पैसा वापस कर दिया जाएगा। फिलहाल पूरा मामला प्रशासनिक जांच के दायरे में है और कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles