![]()
भास्कर न्यूज|भरनो/गुमला माध्यमिक शिक्षा उपनिदेशक शिवेंद्र कुमार ने शनिवार को भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएमश्री मध्य विद्यालय (राजकीय बालक मध्य विद्यालय) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था,आधारभूत सुविधाओं द पीएमश्री योजना के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विद्यालय में संधारित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों द पंजीयों की जांच की। उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, नामांकन से संबंधित अभिलेख, शैक्षणिक गतिविधियों का रिकॉर्ड तथा अन्य प्रशासनिक दस्तावेजों का अवलोकन किया। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय में संचालित आईसीटी लैब, विज्ञान प्रयोगशाला,पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, शौचालय,कक्षाओं की स्थिति एवं विद्यालय परिसर की अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उपनिदेशक ने पीएमश्री विद्यालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक तुलसी लोहरा से विद्यालय की उपलब्धियों द चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया तथा जर्जर व अनुपयोगी हो चुके कमरों को जल्द ध्वस्त कराने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे और विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद भी किया।विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया तथा नियमित अध्ययन,अनुशासन और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने,बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने तथा पीएमश्री विद्यालय की अवधारणा के अनुरूप नवाचार आधारित शिक्षण गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के अंत में उपनिदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को विद्यालय के समग्र विकास,शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मौके पर बीईईओ घनश्याम चौबे, बीपीओ सूरज लकड़ा, बीआरपी शमीम एजाज,सीआरपी विजय कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक तुलसी लोहरा,शिक्षक ओम प्रकाश गुप्ता सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।

