भास्कर न्यूज | चतरा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला आयुष समिति के तत्वावधान में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद कालीचरण सिंह सहित अन्य कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा बलों के जवान, विद्यार्थियों एवं बड़ी संख्या में आम लोग भाग लेकर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में सांसद कालीचरण सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी राहुल मीणा, वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी मुकेश कुमार, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसएसबी के कमांडेंट, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एसएन तिवारी, नोडल पदाधिकारी डॉ एमपी यादव, विक्रांत नायक, गुफरान रहमत सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में लोगों ने किया योग योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी, सुरक्षा बलों के जवान, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए।

