![]()
बेंगलुरु में 14,500 रुपए वेतन से शुरुआत हो रही है। धीरे-धीरे आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। यह छोटा प्रयास है, जिससे अपना खर्च निकालने के साथ पढ़ाई भी जारी रखूंगी।’ यह कहना है नियुक्ति पत्र पाने वाली सानिया परवीन का। उन्होंने कहा कि आज लड़कियों का आत्मनिर्भर होना जरूरी है। पढ़ाई व रहने-खाने का खर्च खुद उठाने के लिए आगे आना चाहिए। घर में बैठे रहने से कुछ हासिल नहीं होगा। लड़कियों को बाहर निकलकर दुनिया समझने और अपने पैरों पर खड़े होने का प्रयास करना चाहिए। सानिया का चयन टाटा की मोबाइल असेंबलिंग कंपनी में हुआ है, पोस्टिंग बेंगलुरु में होगी। आईटीआई कॉलेज परिसर में लगा रोजगार मेला जामताड़ा में शनिवार को आईटीआई कॉलेज परिसर में दातोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला लगा। बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पहुंचे। उद्घाटन उपायुक्त आलोक कुमार ने दीप जलाकर किया। उन्होंने कंपनियों के स्टॉलों का जायजा लिया और रोजगार के अवसरों की जानकारी ली। युवाओं से कहा कि रोजगार के लिए लगातार प्रयास करें। छोटे अवसरों को गंभीरता से लें। छोटी कोशिशों से ही सफलता मिलती है। छोटा प्रयास आगे अच्छे नतीजे दे सकता है। कुल 14 कंपनियों को आना था, लेकिन एक नहीं आई। 13 ने स्टॉल लगाए। 867 पदों पर मौके, 250 से अधिक आवेदन जिला नियोजन पदाधिकारी मोहम्मद जावेद अंसारी ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 14 कंपनियों को आना था। हालांकि, किसी वजह से एक कंपनी नहीं आ सकी। इस कारण 13 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए। मेले में कुल 867 रिक्तियां उपलब्ध थीं। इनमें सुरक्षा, मैनपावर, इंश्योरेंस, डाटा एंट्री, पिकर-पैकर और मोबाइल असेंबलिंग जैसे क्षेत्रों में नौकरी के अवसर थे। 10 युवाओं को मौके पर नियुक्ति पत्र उपायुक्त ने चयनित 10 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। सोनिया सोरेन का चयन भी टाटा की मोबाइल असेंबलिंग कंपनी में हुआ। बेंगलुरु में करीब 14,500 रुपए ऑन-हैंड वेतन, पीएफ और कंपनी की ओर से रहने-खाने की सुविधा मिलेगी। सोनिया ने इसे खुशी का अवसर बताया। विभाग योग्यता व स्किल के अनुसार रोजगार देने का प्रयास कर रहा है। पदाधिकारी ने कहा कि कई युवा नौकरी मिलने के कुछ समय बाद छोड़ देते हैं, इसका विश्लेषण किया जा रहा है। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि शुरुआत में वेतन कम हो सकता है, लेकिन अनुभव और कौशल बढ़ने पर बेहतर अवसर मिलेंगे।
जामताड़ा के ITI कॉलेज में लगा रोजगार मेला:13 कंपनियों ने 10 युवाओं का किया चयन, 867 पद के लिए 250 से अधिक आवेदन

